मौसम / मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना, केरल और कर्नाटक में 5 दिन में 145 की मौत

नई दिल्ली. मध्य प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र समेत 23 राज्यों में बुधवार को भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। भोपाल में सुबह से तेज बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में भारी बारिश के कारण ओडिशा में 6, उत्तर प्रदेश में 4 और हिमाचल में 2-2 लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच दिनों में केरल में 95, कर्नाटक में 50 लोगों की जानें गईं।
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में मंगलवार को 140 जगहों पर भूस्खलन हुआ। हालांकि, इससे कोई जनहानि नहीं हुई। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र समेत समुद्र तटीय इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया। अरब सागर क्षेत्र में 55 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह भी दी गई।
कर्नाटक-केरल में 6 लाख से ज्यादा बेघर
केरल-कर्नाटक में 6 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए, जबकि 2 हजार को राहत शिविर में पहुंचाया गया। वायुसेना ने कर्नाटक में 25 पर्यटक समेत 500 लोगों को एयरलिफ्ट कर बचाया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में केलो नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिला प्रशासन ने भारी बारिश के कारण स्कूल की छुट्टी घोषित कर दी। मध्यप्रदेश के मंदसौर में घरों में पानी भर गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बाढ़ के कारण हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया।